उप्र: श्रद्धालुओं को ले जा रहे पिकअप वाहन की ट्रेलर से टक्कर में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हुई

Ads

उप्र: श्रद्धालुओं को ले जा रहे पिकअप वाहन की ट्रेलर से टक्कर में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हुई

  •  
  • Publish Date - March 28, 2026 / 04:21 PM IST,
    Updated On - March 28, 2026 / 04:21 PM IST

कौशांबी, 28 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में श्रद्धालुओं को ले जा रहे एक पिकअप वाहन की राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े एक ट्रेलर-ट्रक से टकराने की दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को हुए हादसे में पांच महिलाओं और तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई थी।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार देर रात दो अन्य महिलाओं ने प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक, पिकअप में 28 लोग सवार थे, जिनमें से 10 लोगों की मौत के बाद 24 लोगों का इलाज जारी है।

सिराथू के क्षेत्राधिकारी (सीओ) संतोष कुमार ने बताया कि सैनी थानाक्षेत्र के अटसराय गांव के पास शुक्रवार शाम को प्रयागराज से मुंडन करवा कर वापस फतेहपुर लौट रहे पिकअप की ट्रेलर से टकराने की दुर्घटना में पांच महिलाओं व तीन बच्चों सहित आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।

उन्‍होंने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायलों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल भेज दिया गया था, जहां देर रात इलाज के दौरान मैकी (55) व सिंधी (58) की मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि इन मौतों के साथ ही हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 10 हो गई।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद सभी मृतकों के शव, फतेहपुर जिले स्थित उनके गांव भेज दिये गये और गांव में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र

शीर्ष 5 समाचार