उत्तर प्रदेश: उपमुख्यमंत्री पाठक ने चिनहट सीएचसी में गंदगी और अव्यवस्था पर नाराजगी जताई

Ads

उत्तर प्रदेश: उपमुख्यमंत्री पाठक ने चिनहट सीएचसी में गंदगी और अव्यवस्था पर नाराजगी जताई

  •  
  • Publish Date - March 16, 2026 / 05:49 PM IST,
    Updated On - March 16, 2026 / 05:49 PM IST

लखनऊ, 16 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने चिनहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सफाई व्यवस्था, वार्डों की बदहाली और लापरवाही पर सोमवार को सख्त नाराजगी जताई।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक पाठक ने निरीक्षण के दौरान जनरल वार्ड में देखा कि कई बेड पर चादर नहीं थी और अस्पताल परिसर में गंदगी देखकर वह आक्रोशित हो गए।

बयान के अनुसार उन्होंने जिम्मेदार लोगों को नोटिस जारी और सफाई एजेंसी का एक सप्ताह का भुगतान काटने के निर्देश दिए।

साथ ही चेतावनी उन्होंने दी कि जब तक अस्पताल में सफाई की व्यवस्था दुरुस्त नहीं होगी, तब तक संबंधित अधिकारी घर नहीं जाएंगे।

पाठक सोमवार को अचानक चिनहट सीएचसी पहुंचे थे। मुंह पर मास्क लगाकर सबसे पहले पर्चा काउंटर पर मरीजों के बीच जाकर कतार में खड़े हो गए। इस दौरान उन्होंने मरीजों से अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी भी ली। इसके बाद वह पैथोलॉजी विभाग पहुंचे, जहां मरीजों की लंबी कतार लगी थी।

उन्होंने तकनीशियन से पूछा कि एक मरीज का रक्त नमूना लेने में कितना समय लगता है? जवाब मिलने के बाद उन्होंने जांच प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि मरीजों को ज्यादा देर तक इंतजार न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान एक्स-रे कक्ष के आसपास धूल दिखाई दी। इस पर उन्होंने तुरंत सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां रखी अलमारी खोलकर स्टॉक की जांच भी की। इसके बाद वह ओपीडी कक्ष नंबर पांच में पहुंचे और डॉक्टर से अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों की संख्या के बारे में जानकारी ली।

उपमुख्यमंत्री जब जनरल वार्ड नंबर 28 पहुंचे तो वहां की स्थिति देखकर नाराज हो गए। वार्ड में कई बेड पर चादर नहीं बिछी थी। साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं थी। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि मरीजों की देखभाल में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शौचालयों की स्थिति भी देखी, जो संतोषजनक नहीं मिली। इस पर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। हालांकि अग्निशमन सिलेंडर की उपयोग अवधि जांचने पर वह सही पाई गई।

केंद्र के सभागार में उस समय आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा था। आशा कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि उनके मोबाइल फोन खराब हैं, जिससे काम में दिक्कत हो रही है।

इस पर उन्होंने तुरंत सीएमओ डॉ. एनबी सिंह को फोन लगाकर मोबाइल ठीक कराने या बदलने के निर्देश दिए। साथ ही आशा कार्यकर्ताओं का बकाया भुगतान भी तत्काल कराने को कहा।

सीएमओ को तत्काल सीएचसी पहुंचकर समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पीने के पानी की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। पानी की पाइप को जाली से बांधकर रखा गया था और आसपास गंदगी थी। इस पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताते हुए कहा कि अस्पताल में साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

भाषा आनन्द जोहेब

जोहेब

शीर्ष 5 समाचार