उप्र: बुद्ध पूर्णिमा पर मेरठ परिक्षेत्र में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए

Ads

उप्र: बुद्ध पूर्णिमा पर मेरठ परिक्षेत्र में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 02:59 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 02:59 PM IST

मेरठ(उप्र), 28 अप्रैल (भाषा) बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर एक मई को प्रस्तावित धार्मिक आयोजनों के मद्देनजर मेरठ परिक्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक कलानिधि नैथानी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ जनपदों में कुल आठ शोभायात्राएं निकाली जाएंगी और 30 अन्य कार्यक्रम (पूजा-अर्चना, भंडारा आदि) आयोजित किए जाएंगे।

अधिकारियों के मुताबिक कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे परिक्षेत्र में छह अपर पुलिस अधीक्षक, 19 क्षेत्राधिकारी (सीओ), 59 निरीक्षक, 240 उपनिरीक्षक, 312 मुख्य आरक्षी, 435 आरक्षी तथा 190 होमगार्ड/पीआरडी के जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पीएसी की एक कंपनी लगाई गई है।

श्रद्धालुओं के स्नान को देखते हुए कुल 24 घाट चिह्नित किए गए हैं, जिनमें मेरठ के दो, बुलंदशहर के 12, बागपत के सात और हापुड़ के तीन घाट शामिल हैं। पुलिस ने इन घाटों पर जल बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण के लिए विशेष योजना लागू की जाएगी। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सादे वस्त्र में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए शांति समितियों, धर्मगुरुओं और आयोजकों के साथ 200 से अधिक बैठकें की जा चुकी हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने और अफवाहों का तत्काल खंडन करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सभी इकाइयों को अलर्ट पर रखा है।

भाषा सं जफर

मनीषा संतोष

संतोष