उप्र: सोनभद्र में बुजुर्ग खनन व्यवसायी की हत्या, पुलिस को लूट का अंदेशा
उप्र: सोनभद्र में बुजुर्ग खनन व्यवसायी की हत्या, पुलिस को लूट का अंदेशा
सोनभद्र, आठ फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में क्रशर प्लांट पर सो रहे एक बुजुर्ग खनन व्यवसायी की सिर पर वार कर कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक वर्मा ने बताया कि पुलिस को रविवार तड़के सूचना मिली कि विष्णु हरि उपाध्याय (76) का शव उनके बघमनवा (बिल्ली मारकुंडी) स्थित गिरधर सीमेंट लिमिटेड क्रशर प्लांट पर पड़ा है।
उन्होंने बताया कि उपाध्याय प्लांट पर ही रहते थे।
अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि सीसीटीवी के उपकरण टूटे हुए थे और इसके अतिरिक्त कंप्यूटर के प्रिंटर, मॉनिटर एवं अन्य नकदी आदि गायब थी।
पुलिस ने लूट की आशंका जताई।
उन्होंने बताया कि बुजुर्ग के सिर पर गहरी चोट थी और मौत का कारण यह चोट हो सकती है।
वहीं, अपर पुलिस अधिक्षक अनिल कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया सिर पर किसी पत्थर से हमला किया गया।
उन्होंने बताया कि घटना के कारण की जांच की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि मृतक के परिजनों से प्राप्त जानकारी एवं शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


