शाहजहांपुर, तीन फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक होटल के कमरे से संदिग्ध परिस्थितियों में एक सिविल इंजीनियर का शव मंगलवार को बरामद किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जिले के थाना सदर बाजार क्षेत्र के अंतर्गत स्थित एक होटल के कमरे में गौरव सक्सेना (47) नामक व्यक्ति का शव आज सुबह उनके कमरे से बरामद हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गौरव सक्सेना उत्तराखंड के ऋषिकेश के रहने वाले थे और उनका ससुराल शाहजहांपुर में है तथा वह सिविल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। पुलिस के मुताबिक गौरव ने रविवार को होटल में कमरा किराये पर लिया था और तब से यहीं पर रुके हुए थे।
पुलिस ने उनके कमरे में शराब की कुछ बोतल भी बरामद की है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत रवि कांत