जम्मू, 30 जून (भाषा) जम्मू कश्मीर के रामबन में जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक और ट्रैक्टर की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और एक महिला समेत दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा सोमवार देर रात पीराह में न्यू खजूरिया ढाबा के पास उस समय हुआ, जब जम्मू से श्रीनगर जा रहे एक ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।
उसने बताया कि हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीनों घायलों को रामबन के ज़िला अस्पताल ले जाया गया, जहां एक और व्यक्ति की मौत हो गई, उसकी पहचान सुभाष के रूप में हुई है। वह राजस्थान का रहने वाला था।
चंदरकोट थाना प्रभारी (एसएचओ) जतिंदर सिंह रकवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था सुचारू करने के लिए क्षतिग्रस्त वाहनों को राजमार्ग से हटा दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में चंदरकोट थाने में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
भाषा
प्रचेता दिलीप
दिलीप