देवरिया, 14 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में काली माता मंदिर परिसर में अज्ञात बदमाशों ने भगवान हनुमान और नंदी की मूर्तियों को कथित तौर पर खंडित कर दिया, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना तरकुलवा थाना क्षेत्र के कोन्हवलिया बाबू राय गांव में छोटी गंडक नदी के तट पर स्थित काली माता मंदिर में हुई।
पुलिस के मुताबिक, मंदिर के पुजारी योगेन्द्र सिंह बुधवार को शाम की पूजा के बाद मंदिर में ताला लगाकर घर चले गए थे और जब बृहस्पतिवार सुबह उन्होंने मंदिर का ताला खोला तो मूर्तियां क्षतिग्रस्त मिलीं।
घटना की खबर फैलते ही गुस्साए ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन किया। मामले की सूचना ग्राम प्रधान रामख्याली प्रसाद को दी गयी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी।
अधिकारियों ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक व सदर क्षेत्राधिकारी सतेंद्र कुमार राय, चार थाने के कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत किया।
पुलिस ने बताया कि एहतियात के तौर पर मंदिर परिसर में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
तरकुलवा थाना प्रभारी भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मंदिर में नई मूर्तियां स्थापित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
भाषा सं जफर रवि कांत जितेंद्र
जितेंद्र