उप्र : मऊ से मथुरा के संरक्षण केंद्र लाया गया बीमार हाथी ‘वीर’

उप्र : मऊ से मथुरा के संरक्षण केंद्र लाया गया बीमार हाथी 'वीर'

उप्र : मऊ से मथुरा के संरक्षण केंद्र लाया गया बीमार हाथी ‘वीर’
Modified Date: March 7, 2026 / 07:42 pm IST
Published Date: March 7, 2026 7:42 pm IST

मथुरा, सात मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा में संरक्षण केन्द्र में मऊ से एक बीमार हाथी को लाया गया है जिसका नाम ‘वीर’ रखा गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाली गैर-सरकारी संस्था ‘वाइल्ड लाइफ एसओएस’ द्वारा शुक्रवार को वन विभाग के सहयोग से 26 वर्षीय बीमार नर हाथी को सुरक्षित बचाकर चुरमुरा गांव स्थित ‘हाथी संरक्षण केंद्र’ पर ले आया गया, जिसका नाम ‘वीर’ रखा गया है।

चिकित्सकों के अनुसार हाथी की हालत बेहद गंभीर है और उसका अगला बायां पैर खराब है तथा वह पैरों की विभिन्न बीमारियों से ग्रस्त है।

गैर-सरकारी संस्था की पशु चिकित्सा सेवाओं के निदेशक डॉ. एस इलैयाराजा ने बताया कि ‘वीर’ गंभीर रूप से टखने की कमजोरी (एंकिलोसिस), बाएं पैर में असहनीय दर्द और अंगों की गंभीर क्षति से पीड़ित है। ये सभी समस्याएं उससे वर्षों जबरन श्रम और दुर्व्यवहार का परिणाम हैं।

उन्होंने बताया कि एलिफेंट हॉस्पिटल कैंपस में वीर को उसकी स्थिति के अनुरूप उपचार मिलेगा, जिसमें जोड़ों की सूजन, दर्द कम करना, घावों की देखभाल, पोषण संवर्धन और दीर्घकालिक सहायता को लक्षित किया जाएगा। यह सब वाइल्ड लाइफ एसओएस की विशेषज्ञ पशु चिकित्सा टीम की चौबीसों घंटे की निगरानी में होगा।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में