प्रतापगढ़, 19 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में रविवार सुबह सई नदी में नहाने गए तीन लड़के तेज बहाव में बह गए, जिनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दो भाई लापता हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नगर कोतवाली क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आशुतोष मिश्र ने बताया कि अचलपुर लेखपाल कॉलोनी निवासी कृष्णा सोनी (13), उसके भाई अनुराग सोनी (15) और उनका पड़ोसी अमित सोनी (16) रविवार सुबह किशुनदासपुर (खिरीबीर घाट) पुल के पास सई नदी में नहाने गए थे।
उन्होंने बताया कि तीनों गहरे पानी में चले गए और तेज धारा की चपेट में आने से बह गए।
सीओ ने बताया कि स्थानीय मछुआरों द्वारा शोर मचाने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने गोताखोरों और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम की मदद से तलाश अभियान शुरू किया। इस दौरान दोपहर बाद अमित सोनी का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दोनों भाइयों की तलाश अभी जारी है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत