उप्र: हरदोई में कलश यात्रा के दौरान हादसा, दो बच्चों की डूबकर मौत

Ads

उप्र: हरदोई में कलश यात्रा के दौरान हादसा, दो बच्चों की डूबकर मौत

  •  
  • Publish Date - May 15, 2026 / 05:43 PM IST,
    Updated On - May 15, 2026 / 05:43 PM IST

हरदोई, 15 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के हरदोई में भागवत कथा की कलश यात्रा के दौरान गंगा घाट पर स्नान के दौरान दो बच्चों की डूबने से मौत हो गयी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार को भागवत कथा की कलश यात्रा के दौरान ग्राम सभा कटरी महादेवा के नोखेपुरवा गंगा घाट पर स्नान के दौरान पांच बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गये और तेज बहाव के कारण बह गए।

पुलिस ने बताया कि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने स्नेहा (12), सोनम (11) और अंशी (14) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन संध्या और ओमजी तेज धार में बह गए।

पुलिस क्षेत्राधिकारी बिलगाम सतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों और पुलिस ने बृहस्पतिवार देर शाम तक खोज अभियान चलाया, जिसमें 14 वर्षीय संध्या का शव बरामद कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि वहीं ओमजी (16) का कोई सुराग नहीं मिलने पर पूरी रात राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और गोताखोरों की टीम गंगा नदी में तलाश करती रही।

अधिकारी ने बताया कि कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर ओमजी का शव भी बरामद कर लिया गया।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र