इटावा, 23 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के जसवंत नगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक को ओवरटेक करते समय एक कार के ट्रक से टकरा जाने के कारण दो लोगों की मौत हो गई जबकि परिवार के पांच अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि इटावा-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सोमवार को सुबह हमीरपुर से आ रही तेज रफ्तार आर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक में असंतुलित होकर जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
उन्होंने बताया कि राहगीरों की सूचना पर मौके पर पुलिस ने पहुंच कर कार मे फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
थाना प्रभारी ने बताया कि कार में सवार सभी सात लोग हमीरपुर जिले के थाना सरीला क्षेत्र के इस्लामपुर गांव के निवासी हैं। हादसे में चेतराम (55) और सुखवासी (45) की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
उन्होंने बताया कि चेतराम की पत्नी गिरिजा देवी तथा चेतराम के पुत्र राजेंद्र और राजेश, राजेश की पत्नी अंजलि और राजेंद्र की पत्नी रेशमा देवी समेत पांच घायल हुए हैं।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सभी घायलों को सीएचसी जसवंत नगर में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सैफई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत