आगरा, तीन अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के आगरा में शनिवार सुबह ताजमहल में गंगाजल चढ़ाने पहुंचे दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि युवकों ने गंगाजल चढ़ाया या नहीं इस बात की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वहीं अखिल भारत हिंदू महासभा ने दावा किया कि दोनों युवकों ने अंदर जाकर गंगाजल चढ़ाया है।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें युवक ताजमहल में जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो में दोनों युवकों को कथित रूप से यह कहते हुए सुना जा सकता है कि अब वह अंतिम पड़ाव पर पहुंच रहे हैं।
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने दोनों युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गये आरोपियों की पहचान मथुरा के रहने वाले वीनेश और श्याम के रूप में हुई है और दोनों ही युवक हिंदू महासभा से जुड़े हुए बताये जा रहे हैं।
सहायक ताज संरक्षण प्रिंस बाजपेयी ने बताया कि दो युवक सुबह साढ़े सात बजे ताजमहल पहुंचे और मुख्य गुम्बद के बाहर उन्होंने धार्मिक नारे लगाये, जिसके बाद सीआईएसएफ ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस उपायुक्त सूरज राय ने बताया कि युवकों ने गंगाजल चढ़ाया या नहीं इस बात की पुष्टि अभी नहीं हुई है और फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं जितेंद्र
जितेंद्र