लखनऊ, 12 अगस्त (भाषा) पासपोर्ट और वीजा की मियाद खत्म होने के बावजूद कई वर्षों से भारत में अवैध रूप से रह रही उज्बेकिस्तान की एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि महिला की पहचान 45 वर्षीय लोला कायूमोवा के रूप में हुई है। विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) से मिली सूचना के बाद सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, महिला जून 2025 में दर्ज एक मामले में वांछित थी। आरोप है कि उसने धोखाधड़ी कर आर्थिक लाभ हासिल करने के लिए अनधिकृत और अवैध रूप से विदेशी महिलाओं एवं अन्य लोगों को भारत में रहने में मदद की।
पूछताछ के दौरान कायूमोवा ने कथित तौर पर बताया कि वीजा और पासपोर्ट की अवधि समाप्त होने के बाद भी वह कई वर्षों से भारत के अलग-अलग राज्यों और जिलों में छिपकर रह रही थी।
पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, तीन डेबिट कार्ड, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस और 39,740 रुपये नकद बरामद किए हैं।
भाषा
राजेंद्र रवि कांत