बरेली (उप्र), 24 मार्च (भाषा) बरेली जिले की पुलिस ने कथित रूप से बच्चे चोरी करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपी महिला की पहचान बिंदा उर्फ रजनी (48) के रूप में हुई है और उसके पास से नौ माह का अरुण और साढ़े तीन वर्षीय लवियांस नाम के दो बच्चों को बरामद किया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी महिला की मां और अन्य सहयोगियों की तलाश में एक टीम कुशीनगर भेजी गई है और जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
मिश्रा ने कहा, ‘‘पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने हरदोई बस अड्डे पर एक महिला को झांसे में लेकर उसके नौ माह के बच्चे का अपहरण किया और उसे फरीदपुर ले आई। वह बच्चे को बेचने की फिराक में थी। उसने यह भी बताया कि वह पूर्व में अपने तीन बच्चों को भी एक परिचित के माध्यम से बेच चुकी है।’’
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने अब तक कितने बच्चों को बेचा है, इसकी सटीक संख्या स्पष्ट नहीं है और इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, ‘‘पूछताछ में उसने बताया कि वह अपनी मां संजना और एक सहयोगी के साथ मिलकर बच्चों की तस्करी करती थी।’’
फरीदपुर थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि बिंदा ने तीन शादियां की हैं। पहले पति को छोड़ने के बाद उसने करीब छह वर्ष पहले बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के गांव खनी नवादा निवासी गुड्डू से विवाह किया था, जिससे उसके तीन बच्चे हुए।
उन्होंने कहा, ‘‘बच्चे के जन्म से पहले ही वह अपनी मां के पास चली जाती थी और वहीं मां के माध्यम से नवजात बच्चों का सौदा कर देती थी। गुड्डू के पूछने पर वह कहती थी कि बच्चा उसकी मां के पास है।’’
थाना प्रभारी ने कहा, ‘‘गुड्डू के साथ रहते हुए ही उसने नौ माह पहले मेरठ के शरूरपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर रजापुर गांव निवासी विधुर सुरेंद्र से भी विवाह कर लिया। उसने सुरेंद्र को गुड्डू के बारे में नहीं बताया और वह दोनों के यहां आती-जाती रहती थी।’’
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी