लखनऊ में लोक भवन के पास महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने बचाया

Ads

लखनऊ में लोक भवन के पास महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने बचाया

  •  
  • Publish Date - February 27, 2026 / 03:56 PM IST,
    Updated On - February 27, 2026 / 03:56 PM IST

लखनऊ, 27 फरवरी (भाषा) भूमि विवाद में अधिकारियों द्वारा कथित तौर पर कार्रवाई नहीं किये जाने से परेशान एक महिला ने शुक्रवार दोपहर यहां हजरतगंज इलाके में लोक भवन के पास आत्मदाह करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने उसे बचा लिया।

यह घटना राज्य की राजधानी में उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र लोक भवन रोड पर सेक्टर -1 में एक बैरिकेड के पास दोपहर करीब एक बजे हुई।

लखनऊ पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, सुखदेव सिंह की पत्नी और शहर के मानकनगर की निवासी संध्या सिंह मौके पर पहुंची और कथित तौर पर खुद को आग लगाने की कोशिश में खुद पर एक ज्वलनशील पदार्थ डाला।

बयान के अनुसार वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता से उसे रोका और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की। बाद में उसे पूछताछ के लिए हजरतगंज थाने ले जाया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

प्रारंभिक पूछताछ के दौरान, महिला ने आरोप लगाया कि उसके पड़ोसी इकबाल सिंह ने उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया है। महिला ने दावा किया कि जब उसने विरोध किया तो उसे और उसके परिवार को धमकी दी गई।

महिला ने कहा कि उसने पहले भूमि के सीमांकन की मांग की थी और इस संबंध में कई आवेदन दिए थे, लेकिन अब तक उनकी जमीन का स्पष्ट सीमाकंन नहीं किया गया है।

बाद में पुलिस ने महिला को मानक नगर थाने की टीम को सौंप दिया। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय पुलिस उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए भूमि विवाद की निष्पक्ष जांच के लिए राजस्व विभाग के साथ समन्वय करेगी।

लखनऊ पुलिस ने कहा कि आत्महत्या जैसा कोई भी अतिवादी कदम उठाना विवादों का समाधान नहीं है और महिला को आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है। उसने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

भाषा जफर संतोष अविनाश

अविनाश