कुशीनगर (उप्र), 14 अगस्त (भाषा) कुशीनगर जिले के कप्तानगंज कस्बे में शुक्रवार को छात्रों के दो गुटों में हुई मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने कॉलेज के बाहर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर जाम हटवाया।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि कप्तानगंज स्थित सरस्वती शिशु मंदिर कन्या इंटर कॉलेज के कक्षा 10वीं के एक छात्र और कक्षा 11वीं के छात्र के बीच 11 अगस्त को हैंडपाइप से पानी पीने को लेकर विवाद हुआ था।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे छुट्टी के बाद दोनों छात्रों में फिर कहासुनी शुरू हो गई और दोनों गुटों में मारपीट हो गई। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे करण साहनी (21) निवासी कप्तानगंज को गंभीर चोटें आ गईं।
परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कप्तानगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग कॉलेज पहुंचे और सड़क जाम कर ईंट-पत्थर चलाने लगे। कप्तानगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हल्का बल प्रयोग कर जाम समाप्त कराया।
एएसपी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
भाषा सं आनन्द संतोष
संतोष