बुलन्दशहर में नाले में युवक का शव मिला; पुलिस ने एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया

बुलन्दशहर में नाले में युवक का शव मिला; पुलिस ने एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया

बुलन्दशहर में नाले में युवक का शव मिला; पुलिस ने एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया
Modified Date: June 2, 2026 / 12:48 pm IST
Published Date: June 2, 2026 12:48 pm IST

बुलन्दशहर (उप्र), दो जून (भाषा) बुलन्दशहर जिले में मंगलवार को 20 वर्षीय एक युवक का शव एक नाले से बरामद किया गया, जिसके बाद पुलिस उसकी मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान सिकंदराबाद थानाक्षेत्र के सलेमपुर कायस्थ गांव निवासी विपिन के रूप में हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सिकंदराबाद-चोला रोड पर एक बंद कारखाने के पास स्थित नाले में एक शव होने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को नाले से निकाला।

एसएसपी ने कहा कि बाद में मृतक की पहचान विपिन के रूप में हुई, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट सोमवार को सिकंदराबाद पुलिस थाने में दर्ज करायी गई थी।

उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम को विपिन अपनी दो बहनों और गांव की कुछ अन्य महिलाओं को कारखाने छोड़ने गया था, जो उसका नियमित काम था, हालांकि, वह बाद में घर नहीं लौटा।

सिंह ने कहा कि परिवार ने किसी तरह की दुश्मनी का कोई पुख्ता संकेत नहीं दिया है, हालांकि उन्होंने एक ऐसे व्यक्ति की ओर इशारा किया है जिसके साथ विपिन का कुछ दिन पहले कथित तौर पर विवाद हुआ था।

पुलिस ने बताया कि संदिग्ध को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

एसएसपी ने कहा कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।

पुलिस ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच के निष्कर्षों और शव परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं जफर मनीषा अमित

अमित


लेखक के बारे में