बेरुत, 14 मई (एपी) लेबनान में मुख्य राजमार्ग पर खड़े कुछ वाहन इजराइल के हवाई हमलों की चपेट में आ गए, जिसमें एक महिला और उसके दो बच्चों समेत 12 लोग मारे गए। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
इजराइली सेना ने कहा कि उसने दक्षिण के छह गांवों को खाली करने के लिए निवासियों से कहे जाने के कुछ घंटे बाद दक्षिणी लेबनान के विभिन्न इलाकों में हिज्बुल्ला के ठिकानों पर हमला किया।
इसी बीच लेबनान और इजराइल के मध्य बृहस्पतिवार को वाशिंगटन में प्रत्यक्ष वार्ता का एक और दौर होने की संभावना है क्योंकि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन दोनों पड़ोसी देशों के बीच शांति बहाली करने का दबाव बना रहा है, जो 1948 में इजराइल की स्थापना के बाद से संघर्ष की स्थिति में हैं।
संयुक्त राष्ट्र ने हिज्बुल्ला पर दक्षिणी लेबनान में अपने शांतिरक्षक बलों के पास ड्रोन हमले करने का भी आरोप लगाया है।
संयुक्त राष्ट्र के उप प्रवक्ता फरहान हक ने कहा कि महासचिव एंतोनियो गुतारेस का दोनों पक्षों को संदेश है कि उन्हें युद्धविराम का पालन करना चाहिए और सभी हमलों को रोकना चाहिए।
सरकारी समाचार एजेंसी ‘नेशनल’ के मुताबिक, बुधवार को बेरुत को दक्षिणी बंदरगाह शहर सिडोन से जोड़ने वाले राजमार्ग पर ड्रोन से दो हमले हुए, जबकि तीसरा हमला व्यस्त राजमार्ग के पास स्थित सादियात कस्बे पर हुआ।
एपी यासिर शोभना
शोभना