कराची, 23 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में एक तांबा और सोना खदान पर उग्रवादियों के हमले में नौ श्रमिकों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना बुधवार शाम चगाई जिले के दारीगवान स्थित उस तांबा और सोना परियोजना स्थल पर हुई, जिसका संचालन ‘नेशनल रिसोर्सेज लिमिटेड’ (एनआरएल) द्वारा किया जाता है। हमला उस समय हुआ जब श्रमिक अपनी पाली समाप्त ही कर रहे थे।
अधिकारी ने बताया, ‘यह लक्षित हमला था, जिसे उस समय अंजाम दिया गया जब श्रमिक काम खत्म कर रहे थे।’
खनन कंपनी ने एक बयान में हमले की पुष्टि की लेकिन हताहतों की संख्या का उल्लेख नहीं किया।
कंपनी ने कहा कि फ्रंटियर कॉर्प्स सहित सुरक्षा बलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
कंपनी के अनुसार, दारीगवान परियोजना में उसके 90 प्रतिशत कर्मचारी बलूचिस्तान के ही हैं।
कंपनी ने हाल ही में क्षेत्र में तांबा, सोना, सीसा और जस्ता के भंडार मिलने की घोषणा की थी।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश