बांग्लादेश : बीएनपी ने राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के चयन के लिए प्रधानमंत्री रहमान को अधिकृत किया

Ads

बांग्लादेश : बीएनपी ने राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के चयन के लिए प्रधानमंत्री रहमान को अधिकृत किया

  •  
  • Publish Date - August 2, 2026 / 03:25 PM IST,
    Updated On - August 2, 2026 / 03:25 PM IST

ढाका, दो अगस्त (भाषा) सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान को आगामी राष्ट्रपति चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवार का चयन करने के लिए अधिकृत किया है। स्थानीय मीडिया ने अपनी खबर में यह जानकारी दी।

ढाका ट्रिब्यून अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, यह फैसला शनिवार को बीएनपी की राष्ट्रीय स्थायी समिति की बैठक में लिया गया। इस बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री रहमान ने की, जो बीएनपी के प्रमुख भी हैं।

सरकारी समाचार एजेंसी ‘बांग्लादेश संवाद संस्था’ (बीएसएस) ने बीएनपी के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर के हवाले से कहा कि स्थायी समिति ने प्रधानमंत्री एवं बीएनपी प्रमुख को राष्ट्रपति चुनाव के बारे में जरूरी फैसले लेने और पार्टी के उम्मीदवार को चुनने की जिम्मेदारी सौंपी है।

बांग्लादेश में 24 जुलाई को मोहम्मद शहाबुद्दीन के राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद, संसद के अध्यक्ष हाफिजुद्दीन अहमद ने कार्यवाहक राष्ट्रपति का पदभार संभाला।

‘ढाका ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के अनुसार, संविधान के अनुच्छेद 123(2) के तहत, राष्ट्रपति का पद खाली होने के 90 दिनों के भीतर इस पद को भरने के लिए चुनाव कराना जरूरी है।

भाषा शफीक रंजन

रंजन