लाहौर में हाफिज सईद के घर के बाहर बम धमाका, तीन लोगों की मौत, 20 घायल

Ads

लाहौर में हाफिज सईद के घर के बाहर बम धमाका, तीन लोगों की मौत, 20 घायल

  •  
  • Publish Date - June 23, 2021 / 11:39 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:09 PM IST

(एम जुल्करनैन)

लाहौर, 23 जून (भाषा) पाकिस्तान के लाहौर में बुधवार को मुंबई हमले के मुख्य साजिशकर्ता और जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद के घर के बाहर हुए जबरदस्त कार बम धमाके में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 20 अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, जौहर टाऊन की बीओआर सोसायटी में सईद के घर के बाहर स्थित पुलिस जांच चौकी पर बम धमाका हुआ। उन्होंने कहा कि घायलों को जिन्ना अस्पताल ले जाया गया है, जहां छह लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है।

पंजाब पुलिस के प्रमुख इनाम गनी ने कहा कि अगर जानी-मानी हस्ती के घर के बाहर कोई पुलिस चौकी नहीं होती तो इस घटना में ”बड़ा नुकसान” हो सकता था उनका इशारा सईद की ओर था।

संवाददाताओं से पंजाब के पुलिस महानिरीक्षक इनाम गनी ने कहा कि कार बम धमाके में तीन लोगों की मौत हुई है और 20 अन्य घायल हुए हैं। गनी ने इसे ”आतंकी” घटना करार देते हुए कहा, ” कार में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी। जो ‘टॉरगेट’ था उसके घर के बाहर पुलिस चौकी थी। कार पुलिस चौकी को पार नहीं कर सकी।”

उन्होंने कहा कि आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) के अधिकारी धमाका स्थल पर पहुंचकर सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर मामले की जांच कर रहे हैं। सीटीडी यह पता लगाएगा कि क्या यह आत्मघाती हमला था या नहीं?

जिन्ना अस्पताल के डॉ याह्या सुल्तान ने कहा कि घायलों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं और अस्पताल में भर्ती कराए गए 17 घायलों में से छह की हालत नाजुक है।

गृह मंत्री शेख राशिद ने पंजाब के मुख्य सचिव और पुलिस महानिरीक्षक को इस मामले में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा कि धमाका किस तरह का था, इसका पता लगाया जा रहा है और संघीय एजेंसियां जांच में पंजाब सरकार का सहयोग कर रही हैं।

पंजाब के मुख्यमंत्री उस्मान बजदार ने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और घायलों को बेहतर उपचार मुहैया कराया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, यह बेहद शक्तिशाली धमाका था, जिसके चलते इलाके के कई घरों, दुकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचा। धमाके के कारण एक मकान की छत भी ढह गई।

पुलिस के मुताबिक, धमाका स्थल के पास खड़ी एक मोटरसाइकिल और रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके की आवाज दूर तक सुनी गई। धमाके के बाद अफवाह फैली कि घटना के समय सईद घर में ही मौजूद था।

उल्लेखनीय है कि आतंकवाद के वित्तपोषण मामले में दोषी 71 वर्षीय सईद लाहौर की कोट लखपत जेल में सजा काट रहा है। सईद के नेतृत्व वाला जमात-उद-दावा आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का मुखौटा संगठन है जोकि 2008 के मुंबई हमले के लिए जिम्मेदार है। इस हमले में छह अमेरिकी नागरिकों समेत 166 लोगों की जान चली गई थी। संयुक्त राष्ट्र ने सईद को आतंकी घोषित किया हुआ है।

भाषा

शफीक नरेश

नरेश