पुस्तक विक्रेता सुनिश्चित करें कि किताबें राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा न पहुंचाएं: हांगकांग अधिकारी

Ads

पुस्तक विक्रेता सुनिश्चित करें कि किताबें राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा न पहुंचाएं: हांगकांग अधिकारी

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 05:58 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 05:58 PM IST

हांगकांग, 16 जुलाई (एपी) हांगकांग के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि किताब विक्रेताओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे जिन किताबों की बिक्री कर रहे हैं, वे राष्ट्रीय सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने वाली न हों। यह बयान दो दुकानों से जुड़े पांच लोगों की गिरफ्तारी के एक दिन बाद आया है।

बुधवार को पुलिस की यह कार्रवाई चार महीने के भीतर स्वतंत्र किताब दुकानों को निशाना बनाकर की गई तीसरी गिरफ्तारी थी। आलोचकों ने शहर में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि नियमों में स्पष्टता नहीं होने से एक अस्पष्ट सीमा तय कर दी गई है।

सुरक्षा सचिव क्रिस टैंग ने विधायी भवन में संवाददाताओं से कहा कि कानून स्पष्ट है।

उन्होंने कहा, ‘अगर आप पुस्तक विक्रेता हैं तो आपकी जिम्मेदारी है कि यह सुनिश्चित करें कि आप जिन किताबों को बेच रहे हैं, वे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में न डालें। यह उसी तरह है, जैसे अगर आप खाना बेचते हैं तो आपको यह सुनिश्चित करना होता है कि वह खाना पेट दर्द का कारण न बने और न ही जहरीला या अवैध हो।’

यह पूछे जाने पर कि क्या अधिकारी प्रतिबंधित किताबों की सूची जारी करेंगे, टैंग ने कहा कि ऐसा करना प्रभावी कानून प्रवर्तन के लिए सही नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इससे उन किताबों के खिलाफ कार्रवाई करने में मदद नहीं मिलेगी, जिनका उद्देश्य ‘देश को नुकसान पहुंचाना’ है।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश