(के जे एम वर्मा)
बीजिंग, 20 जुलाई (भाषा) चीन ने सोमवार को कहा कि वह सितंबर में राष्ट्रपति शी चिनफिंग की वाशिंगटन यात्रा को लेकर अमेरिका के साथ बातचीत कर रहा है। इससे संकेत मिलता है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस आरोप के बावजूद कि बीजिंग ने अमेरिकी चुनावों में दखल दिया था, यह यात्रा तय कार्यक्रम के अनुसार हो रही है।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने सोमवार को यहां मीडिया ब्रीफिंग में कहा, ‘‘राष्ट्राध्यक्षों के बीच कूटनीति अमेरिका-चीन संबंधों के लिए अहम रणनीतिक दिशा-निर्देश देती है।’’
वह अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के उस बयान पर पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे जिसमें भरोसा जताया गया था कि ट्रंप की टिप्पणियों का शी की अमेरिका यात्रा पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
लिन ने कहा कि दोनों पक्षों ने ‘‘इस साल के आखिर में राष्ट्राध्यक्षों की मुलाकातों की तैयारियों को लेकर बातचीत जारी रखी है।’’
रविवार को, आसियान देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए फिलीपीन रवाना होने से पहले, रुबियो ने उस समय सकारात्मक रुख दिखाया, जब उनसे पूछा गया कि क्या ट्रंप की टिप्पणियों का शी की अमेरिका यात्रा पर असर पड़ेगा।
रुबियो ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि यह यात्रा सितंबर में होगी।’’
उन्होंने चीनी पक्ष के बारे में कहा, ‘‘वे इसकी तैयारी के लिए अपनी टीमें भेजते रहे हैं, और मैंने इसके अलावा कुछ नहीं सुना है।’’
हांगकांग के अखबार ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने मीडिया से कहा, ‘‘मेरे पास यह मानने का कोई कारण नहीं है कि वे नहीं आएंगे।’’
भाषा वैभव सुरेश
सुरेश