म्यांमा में दूतावास के बाहर प्रदर्शन के बीच चीन ने तख्तापलट का समर्थन करने से किया इनकार

Ads

म्यांमा में दूतावास के बाहर प्रदर्शन के बीच चीन ने तख्तापलट का समर्थन करने से किया इनकार

  •  
  • Publish Date - February 18, 2021 / 03:04 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:13 PM IST

( के जे एम वर्मा )

बीजिंग, 18 फरवरी (भाषा) चीन ने बृहस्पतिवार को इनकार किया कि उसने म्यांमा में सैन्य तख्तापलट का समर्थन किया। चीन का बयान ऐसे समय आया है जब लोकतंत्र समर्थकों ने म्यांमा के यांगून में चीनी दूतावास के सामने विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि चीन ने तख्तापलट करने में सेना की मदद की।

हांगकांग के अखबार ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ के मुताबिक लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनकारियों ने यांगून में चीनी दूतावास के सामने प्रदर्शन करते हुए बीजिंग से सैन्य जुंटा का समर्थन करना बंद करने को कहा।

म्यांमा में सेना ने एक फरवरी को तख्तापलट करते हुए आंग सान सू की समेत कई प्रमुख नेताओं को हिरासत में ले लिया था।

अखबार के मुताबिक प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां थामे हुए थे जिस पर लिखा था ‘‘म्यांमा का समर्थन करें, तानाशाह शासकों का नहीं’’ और ‘‘सेना की मदद करना बंद करें।’’

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता से बृहस्पतिवार को संवाददाता सम्मेलन में तख्तापलट को बीजिंग का समर्थन मिलने के आरोपों के बारे में सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा, ‘‘आपने कहा कि म्यांमा में कुछ ‘‘अफवाहें’’ फैलायी जा रही हैं। यह सही है। कुछ लोग कहते हैं कि इसके पीछे चीन है। लेकिन, म्यांमा में हमारे राजदूत चीन का रुख बता चुके हैं और उन्होंने अफवाहों का खंडन किया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं दोहराना चाहूंगा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलायी गयी। ऐसे लोग, दोनों देशों के बीच तल्खी पैदा करना चाहते हैं।’’

चीन का म्यांमा में सैन्य जुंटा के साथ करीबी संबंध था, जब उसने दो दशक से ज्यादा समय तक देश में शासन किया था। चीन ने तख्तापलट के बारे में उसे पहले से कोई सूचना होने से भी इनकार किया है।

भाषा आशीष उमा

उमा