बीजिंग, 19 मार्च (भाषा) चीन ने अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच अस्थायी संघर्ष विराम का बृहस्पतिवार को स्वागत किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जिआन ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चीन दोनों इस्लामिक देशों के प्रयासों की सराहना करता है।
उन्होंने दोनों पड़ोसियों के बीच संघर्षविराम लागू कराने में चीन की कथित विफलता से संबंधित खबरों को नजरअंदाज कर दिया।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने ईद-उल-फितर के मद्देनजर और सऊदी अरब, तुर्की और कतर के अनुरोध पर बुधवार को अस्थायी संघर्ष विराम की घोषणा की। दोनों पक्षों ने चीन के मध्यस्थता प्रयासों का कोई उल्लेख नहीं किया।
हालांकि इससे पहले, चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष इस्हाक डार और अफगानी समकक्ष आमिर खान मुत्तकी से बातचीत कर संघर्ष विराम और प्रत्यक्ष वार्ता का अनुरोध किया था।
चीन के विशेष दूत युए झियाओयोंग ने संघर्ष विराम पर जोर देने के लिए इस्लामाबाद और काबुल के बीच लगातार संपर्क बनाए रखा। अफगानिस्तान के अनुसार, पाकिस्तान ने काबुल के एक मादक पदार्थ पुनर्वास केंद्र पर भीषण हवाई हमला किया, जिसमें 400 से अधिक मरीज मारे गए।
भाषा जोहेब माधव
माधव