(अदिति खन्ना)
सोफिया (बुल्गारिया), 11 जून (भाषा) भारतीय पत्रकारों और यूरोप में उनके समकक्षों के बीच सहयोग सोशल मीडिया पर फर्जी खबरों को फैलने से रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बुल्गारिया के दिग्गज मीडिया संगठन के प्रमुख ने यह बात कही।
बुल्गारियाई समाचार एजेंसी (बीटीए) के महानिदेशक किरिल वालचेव ने सोमवार को ‘पीटीआई’ से दो प्रमुख समाचार एजेंसियों के बीच एक-दूसरे देश में चुनावों पर नजर रखने की अनूठी पहल के बारे में बात की।
बीटीए ने भारत में हाल ही में संपन्न आम चुनावों की खबरों पर नजर बनाए रखी थी और दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक चुनावी प्रक्रिया को लेकर यूरोपीय संघ (ईयू) में जागरूकता फैलाई थी। वहीं ‘पीटीआई’ बुल्गारिया की राजधानी सोफिया से यूरोपीय संसद के चुनावों पर नजर बनाए हुए है।
वालचेव ने कहा, ”सही जानकारी होना बहुत ही जरूरी है और यह भी कि हमारा स्थान (दुनिया में) कहां है? ”
उन्होंने कहा, ”समाचार एजेंसियों का सबसे महत्वपूर्ण काम है तथ्य मुहैया कराना, चुनाव के नतीजे और विभिन्न राजनीतिक नेताओं की राय उपलब्ध कराना। सोशल मीडिया पर फर्जी खबरों और झूठ की समस्या का यही हमारा जवाब है। फर्जी खबरों से लड़ने का एकमात्र तरीका सच्ची, वास्तविक खबरें हैं।”
तीन साल पहले बुल्गारियाई समाचार एजेंसी के प्रमुख का पदभार संभालने वाले पूर्व अधिवक्ता ने कहा कि वह देशों और संस्कृतियों के बीच बेहतर समझ को बढ़ावा देने पर दृढ़ता से जोर देते हैं।
उन्होंने कहा, ”यह कहना उचित है कि हम एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह से नहीं जानते। मेरा लक्ष्य वैश्विक समाचारों के आदान-प्रदान में एक-दूसरे के देशों के बारे में गहन जानकारी जोड़ना है।”
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश