एलन मस्क ने गैलेक्सआई के उपग्रह के सफल प्रक्षेपण पर बधाई दी

Ads

एलन मस्क ने गैलेक्सआई के उपग्रह के सफल प्रक्षेपण पर बधाई दी

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 09:37 AM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 09:37 AM IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, छह मई (भाषा) स्पेसएक्स के संस्थापक एलन मस्क ने बेंगलुरु स्थित अंतरिक्ष स्टार्टअप गैलेक्सआई को ‘मिशन दृष्टि’ उपग्रह के सफल प्रक्षेपण पर बधाई दी।

मस्क ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर ‘‘बधाई’’ लिखकर यह प्रतिक्रिया दी, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस पोस्ट के जवाब में थी, जिसमें उन्होंने मिशन दृष्टि के प्रक्षेपण पर गैलेक्सआई को बधाई दी थी।

प्रधानमंत्री ने रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस प्रक्षेपण को भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक बड़ी उपलब्धि बताया और इसे देश के बढ़ते नवाचार तंत्र का प्रतीक कहा था।

मोदी ने कहा, ‘‘गैलेक्सआई का मिशन दृष्टि हमारी अंतरिक्ष यात्रा में एक बड़ी उपलब्धि है। दुनिया के पहले ऑप्टोसार उपग्रह एवं भारत में निर्मित सबसे बड़े निजी उपग्रह का सफल प्रक्षेपण नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारे युवाओं के जुनून का प्रमाण है।’’

यह उपग्रह स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट के जरिए रविवार को कैलिफोर्निया से प्रक्षेपित किया गया।

भाषा गोला वैभव

वैभव