हमारे शरीर का सम्मान किए बिना समानता संभव नहीं: अभिनेत्री फ्लोरेंस प्यू

हमारे शरीर का सम्मान किए बिना समानता संभव नहीं: अभिनेत्री फ्लोरेंस प्यू

हमारे शरीर का सम्मान किए बिना समानता संभव नहीं: अभिनेत्री फ्लोरेंस प्यू
Modified Date: September 28, 2026 / 09:59 pm IST
Published Date: September 28, 2026 9:59 pm IST

लॉस एंजिलिस (अमेरिका), 28 सितंबर (भाषा) फिल्म ‘ब्लैक विडो’ की अभिनेत्री फ्लोरेंस प्यू ने कॉर्नेल विश्वविद्यालय में दुष्कर्म की पीड़िता के प्रति समर्थन जताते हुए कहा कि यह जानकर उन्हें बेचैनी और चिंता हुई कि एक युवती से उसके दोस्तों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और आरोपियों को कोई सजा नहीं मिली।

अक्टूबर 2024 में छात्रों की एक पार्टी के दौरान हुई यह घटना दो सप्ताह पहले सामने आई, जब युवती ने कॉलेज और उस समूह के खिलाफ मामला दर्ज कराया। युवती ने सात पुरुषों पर पार्टी में नशीला पदार्थ देकर उससे दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।

युवती का आरोप है कि जब वह बेहोश थी, तब मुख्य आरोपियों में से एक ने स्नैपचैट अकाउंट के जरिए अन्य आरोपियों को बुलाया। किसी ने भी घटना की सूचना नहीं दी। मुख्य आरोपियों में से दो को निष्कासित कर दिया गया, जबकि अन्य पांच को निबंध लिखने और सामुदायिक सेवा करने को कहा गया।

प्यू ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में कहा कि जब तक महिलाओं और उनके शरीर का सम्मान नहीं होगा, तब तक समानता संभव नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता है कि ऐसा पहले भी हुआ है और मुझे इस बात से नफरत है कि यह फिर से हो। यह वह समय है जब हमें उम्मीद है कि पुरुष भी उतने ही आक्रोशित और व्यथित होंगे। आपको भी इस बारे में बातचीत की अगुवाई करनी चाहिए…जब ऐसे मामलों में आपमें से कई लोग चुप रहते हैं, तो आप हमसे यह भरोसा करने की उम्मीद कैसे कर सकते हैं कि ‘सभी पुरुष ऐसे नहीं होते’?’’

उन्होंने कहा, ‘‘दुनियाभर के कॉलेज, स्कूल और विश्वविद्यालय महिलाओं की सुरक्षा के मामले में बार-बार निराश करते हैं। वे ऐसे पुरुष तैयार करते हैं जिन्हें बार-बार यह सिखाया जाता है कि वे बहुत ज़्यादा नुकसान पहुंचा सकते हैं और बदले में उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा।’’

भाषा आशीष माधव

माधव


लेखक के बारे में