कराची, 31 दिसंबर (भाषा) पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में एक मुठभेड़ में पांच आतंकवादियों को मार गिराया गया। सेना ने रविवार को यह जानकारी दी।
सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के अनुसार, खुफिया जानकारी प्राप्त होने के बाद शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक अभियान के दौरान सैनिकों और आतंकवादियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई, जिसमें पांच आतंकवादियों को मार गिराया गया।
सेना के मुताबिक, आतंकवादियों के ठिकाने का भी भंडाफोड़ कर हथियार, गोला-बारूद व विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया गया है। सेना ने बताया कि क्षेत्र में छिपे अन्य आतंकवादियों के खात्मे के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
बयान के मुताबिक, ”पाकिस्तान के सुरक्षा बल राष्ट्र के साथ कदम मिलाकर बलूचिस्तान की शांति, स्थिरता और प्रगति को नुकसान पहुंचाने के प्रयासों को विफल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
पाकिस्तान के खैबर-पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में हाल के महीनों में आतंकी हमलों में वृद्धि हुई है।
सेना ने एक दिन पहले कहा था कि खैबर पख्तूनख्वा के उत्तरी वजीरिस्तान जिले के मीर अली इलाके में एक अभियान के दौरान पांच आतंकवादियों को मार गिराया गया था।
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष