कराची, 14 मई (भाषा) बलूचिस्तान के बरखान जिले में चरमपंथियों के खिलाफ एक अभियान में एक मेजर समेत पाकिस्तान के पांच सैनिक मारे गए। सेना की मीडिया शाखा ने यह जानकारी दी।
अंतर-सेवा जनसंपर्क (आईएसपीआर) ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस अभियान में कम से कम सात चरमपंथियों को भी ढेर किया गया।
पाकिस्तानी सेना और बलूचिस्तान फ्रंटियर कोर ने मार्खम के नोशाम इलाके में संयुक्त रूप से अभियान संचालित किया था।
आईएसपीआर ने बताया कि अभियान के दौरान सात चरमपंथियों को ढेर किया गया, जबकि एक ‘फील्ड ऑफिसर’ सहित पांच सैनिकों भी अभियान के दौरान मारे गए।
इन चरमपंथियों के पास से हथियार, गोला-बारूद समेत अन्य विस्फोटक बरामद किए गए।
सुरक्षा बलों ने इस साल के शुरुआती चार महीनों में बलूचिस्तान में कुछ बड़े अभियान चलाए।
मार्च में हरनाई और बसीमा जिलों में कम से कम 15 चरमपंथी मारे गए तथा फरवरी में झोब में एक अभियान के दौरान 10 चरमपंथियों को ढेर किया गया।
बलूचिस्तान में लंबे समय से विद्रोह के बीच चरमपंथी अक्सर सुरक्षा बलों और सरकारी संरचनाओं को निशाना बनाते हैं। पाकिस्तानी सरकार इन हमलों के लिए बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) को जिम्मेदार ठहराती है।
भाषा यासिर शोभना
शोभना