मेडिकल बोर्ड ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की दृष्टि में सुधार की रिपोर्ट दी

Ads

मेडिकल बोर्ड ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की दृष्टि में सुधार की रिपोर्ट दी

  •  
  • Publish Date - February 16, 2026 / 08:55 PM IST,
    Updated On - February 16, 2026 / 08:55 PM IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 16 फरवरी (भाषा) चिकित्सकों के एक दल ने जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की आंखों की जांच के बाद सोमवार को बताया कि उनकी दृष्टि में सुधार हुआ है और उनकी आंख की स्थिति भी बेहतर हुई है।

यह जांच रविवार को दो चिकित्सकों ने उच्चतम न्यायालय के उस आदेश के बाद की, जिसमें पूर्व क्रिकेटर से नेता बने 73 वर्षीय इमरान खान की आखों की विस्तृत मेडिकल जांच कराने की अनुमति दी गयी थी।

शीर्ष अदालत ने इस मामले पर तब संज्ञान लिया, जब अदालत द्वारा नियुक्त वकील सलमान सफदर ने 12 फरवरी को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक से मुलाकात की और बाद में न्यायालय को सूचित किया कि खान ने शिकायत की है कि उनकी दाहिनी आंख की दृष्टि केवल 15 प्रतिशत रह गई है।

खान ने यह भी कहा था कि पिछले वर्ष अक्टूबर तक उनकी दृष्टि ठीक थी, लेकिन उसके बाद उन्हें एक बीमारी हो गई, जिसके लिए इलाज कराया गया।

अधिकारियों द्वारा मीडिया के साथ साझा की गई रिपोर्ट के अनुसार, अल-शिफा ट्रस्ट नेत्र अस्पताल के डॉ. नदीम कुरैशी और इस्लामाबाद स्थित पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) के डॉ. मुहम्मद आरिफ खान ने इमरान खान की जांच की।

रिपोर्ट में कहा गया कि बिना चश्मे के खान की दाहिनी आंख की दृष्टि 6/24 (आंशिक) दर्ज की गई, जबकि बाईं आंख की दृष्टि 6/9 थी।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि दाहिनी आंख की सूजन में कमी आई है और उसकी मोटाई 550 माइक्रॉन से घटकर 350 माइक्रॉन हो गई है, जिसे सुधार का संकेत बताया गया।

मेडिकल बोर्ड ने दोनों आंखों के लिए दवा डालने की सिफारिश की और पीटीआई संस्थापक को दो अतिरिक्त आंखों के परीक्षण कराने की सलाह भी दी।

रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘इमरान खान के निजी चिकित्सकों, जिनमें डॉ. आसिम यूसुफ और डॉ. खुर्रम मिर्जा शामिल हैं, को भी फोन के जरिए (25 मिनट से अधिक समय तक) संतोषजनक रूप से जानकारी दी गई।’’

हालांकि, शौकत खानम कैंसर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यूसुफ ने कहा कि वह मेडिकल बोर्ड द्वारा बताई गई जानकारी की ‘‘सच्चाई की पुष्टि या खंडन नहीं कर सकते।’’

इमरान खान पांच अगस्त, 2023 से जेल में हैं, जब उन्हें भ्रष्टाचार के एक मामले में सजा सुनाए जाने के बाद लाहौर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल वह रावलपिंडी की उच्च सुरक्षा वाली अडियाला जेल में बंद हैं।

भाषा गोला दिलीप

दिलीप