लंदन, 12 जून (एपी) ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर ने शुक्रवार को कहा कि वह अपने पद पर बने रहने के लिए संघर्ष करेंगे।
स्टार्मर का यह बयान विश्वासपात्र रक्षामंत्री जॉन हीली के अचानक इस्तीफे से नेतृत्व को लेकर उठ रहे सवाल के बाद आया।
हाल के हफ्तों में कई कनिष्ठ और वरिष्ठ मंत्रियों ने सरकार की लगातार घटती लोकप्रियता से निराश होकर स्टार्मर का साथ छोड़ा दिया है। लेबर पार्टी के कई सांसदों ने बागी रुख अपना लिया है और नेतृत्व परिवर्तन की कोशिश कर रहे हैं।
हालांकि, रक्षामंत्री जॉन हीली का अचानक इस्तीफा स्टार्मर के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। हीली ने बृहस्पतिवार को इस्तीफा देते हुए चेतावनी दी कि सरकार सेना पर उतना खर्च नहीं कर रही है जितना ‘बढ़ते खतरों के इस दौर में’ ब्रिटेन को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है।
माना जा रहा है कि अगर वृहद मैनचेस्टर के महापौर एंडी बर्नहम बृहस्पतिवार को होने वाले विशेष चुनाव में संसद के लिए चुने जाते हैं, तो व्यापक रूप से यह उम्मीद की जा रही है कि वे नेतृत्व के लिए स्टार्मर को चुनौती देंगे।
स्टार्मर ने शुक्रवार को कहा कि वह अपने पद पर बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि ‘कड़े फैसले’ लेना उनका काम है।
प्रधानमंत्री ने बीबीसी से बातचीत में कहा, ‘‘मैं कहीं नहीं जा रहा हूं। मुझे नहीं लगता कि हमें देश को नेतृत्व चुनाव की अफरातफरी में डालना चाहिए। मुझे नहीं लगता कि ऐसा होना चाहिए, लेकिन अगर ऐसा हुआ, तो मैं मुकाबला करूंगा।’’
एपी
धीरज माधव
माधव