भारत ने नेपाल की नयी सरकार के साथ ऊर्जा सहयोग पर बातचीत की

Ads

भारत ने नेपाल की नयी सरकार के साथ ऊर्जा सहयोग पर बातचीत की

  •  
  • Publish Date - April 25, 2026 / 06:35 PM IST,
    Updated On - April 25, 2026 / 06:35 PM IST

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, 25 अप्रैल (भाषा) नेपाल में भारत के राजदूत और यहां की नयी बालेंद्र शाह सरकार के ऊर्जा मंत्री ने आपसी हितों के मुद्दों और ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

विदेश मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, हिमालयी देश में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव और नेपाल के ऊर्जा, जल संसाधन और सिंचाई मंत्री बिराज भक्त श्रेष्ठ ने शुक्रवार को यहां मुलाकात की।

श्रेष्ठ ने मार्च में हुए आम चुनाव में बालेंद्र शाह ‘बालेन’ के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) को मिली जीत के बाद ऊर्जा मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था।

मंत्री श्रेष्ठ और राजदूत श्रीवास्तव ने द्विपक्षीय संबंधों और आपसी हितों के मुद्दों पर चर्चा की, जिसमें ऊर्जा और जल संसाधनों में सहयोग पर विशेष रूप से बातचीत की गई।

सूत्रों ने बताया, ‘‘बातचीत के दौरान नेपाल और भारत के बीच लंबे समय से चली आ रही साझेदारी और सतत विकास और क्षेत्रीय संपर्क को आगे बढ़ाने के साझा दृष्टिकोण पर ध्यान केंद्रित किया गया।’’

दोनों पक्षों ने भारत-नेपाल के लोगों की साझा समृद्धि और पारस्परिक लाभ सुनिश्चित करने के लिए सहयोग को प्रगाढ़ करने और अधिक तालमेल को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि वह निरंतर संवाद व सहयोग के माध्यम से इस साझेदारी को और मजबूत करने के लिए उत्सुक हैं।

मार्च में होने वाले आम चुनावों से कुछ सप्ताह पहले, नेपाल ने भारत को 10,000 मेगावाट बिजली के निर्यात के लिए एक दीर्घकालिक समझौते पर हस्ताक्षर किए, नवीकरणीय ऊर्जा में सहयोग के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए और संयुक्त रूप से तीन सीमा पार पारेषण लाइन का उद्घाटन किया।

श्रेष्ठ ने शुक्रवार को ही नेपाल में चीन के राजदूत झांग माओमिंग से भी मुलाकात की और पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यावहारिक सहयोग को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कई विषयों पर चर्चा की।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप