टेक्सास में भारतीय-अमेरिकियों ने अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ का जश्न मनाया

Ads

टेक्सास में भारतीय-अमेरिकियों ने अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ का जश्न मनाया

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 02:41 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 02:41 PM IST

(सीमा हाकू काचरू)

ह्यूस्टन (अमेरिका), 29 जून (भाषा) अमेरिका में भारतीय मूल के समुदायों ने टेक्सास में देश की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जिनमें भारत-अमेरिका की मजबूत होती साझेदारी को प्रमुखता दी गयी।

ये कार्यक्रम सप्ताहांत के दौरान ह्यूस्टन और डलास-फोर्ट वर्थ में आयोजित किए गए।

ह्यूस्टन स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भारत के महावाणिज्य दूत डी. सी. मंजूनाथ ने फ्रिस्को में आयोजित ‘‘अमेरिका की स्वतंत्रता के 250 वर्ष’’ समारोह में भाग लिया। यह कार्यक्रम ‘इंडिया एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ टेक्सास’ द्वारा आयोजित किया गया था। इस दौरान उन्होंने नव-निर्वाचित मेयर मार्क हिल और शहर की काउंसिल के सदस्यों से मुलाकात की।

अमेरिका हर वर्ष चार जुलाई को अपना स्वतंत्रता दिवस मनाता है।

महावाणिज्य दूतावास के अनुसार, कार्यक्रम में ‘‘भारत और अमेरिका के बीच स्थायी मित्रता तथा लगातार मजबूत होती रणनीतिक साझेदारी’’ का विशेष उल्लेख किया गया।

शनिवार को पियरलैंड के इंडिपेंडेंस पार्क में आयोजित ऐसे ही एक समारोह में 2,500 से अधिक भारतीय-अमेरिकियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, अमेरिका के 26 राज्यों के ध्वजों का प्रदर्शन तथा अमेरिकी स्वतंत्रता घोषणा-पत्र की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही।

ह्यूस्टन स्थित बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर ने भी ‘अमेरिका250’ अभियान के आधिकारिक सहयोगी के रूप में अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ मनाई। इस अवसर पर बच्चों और युवा स्वयंसेवकों ने देशभक्तिपूर्ण और पारंपरिक संगीत प्रस्तुत किया।

समारोह के अवसर पर मंदिर की सफेद संगमरमर से निर्मित इमारत को लाल, सफेद और नीली रोशनी से सजाया गया, जो अमेरिकी ध्वज के तीन रंगों का प्रतीक है।

भाषा गोला नरेश

नरेश