नई दिल्लीः Israel-Iran War Update: अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद मिडिल ईस्ट एक बार फिर गंभीर युद्ध संकट की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। इस बीच अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने युद्ध जैसे हालात को देखते हुए मैचों में सुरक्षा बढ़ा दी है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने कहा है कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को देखते हुए उसने एहतियात के तौर पर खास इंतजाम किए हैं। ICC ने बताया कि भारत और श्रीलंका में चल रहे ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर इस हालात का सीधा असर नहीं है। लेकिन कई खिलाड़ी, कोच, मैच अधिकारी और स्टाफ अपने देश लौटने के लिए खाड़ी देशों के एयरपोर्ट, खासकर दुबई से होकर जाते हैं।
Israel-Iran War Update: ICC के प्रवक्ता ने कहा कि सभी लोगों की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। ट्रैवल और सुरक्षा टीमें लगातार काम कर रही हैं ताकि सभी लोग सुरक्षित और कम परेशानी के साथ अपने घर पहुंच सकें। फैंस से भी कहा गया है कि अगर वे ट्रैवल की प्लानिंग बना रहे हैं, तो पहले सरकारी सलाह और हालात की जानकारी जरूर देखें।
बता दें कि इजराइली हमले मे ईरानी रक्षामंत्री अमीर नासिरजादेह और रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के कमांडर मोहम्मद पाकपोर की मौत हो गई। यह दावा न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने सूत्रों से हवाले की है। वहीं युद्ध के माहौल को देखते हुए एयर इंडिया ने बड़ा कदम उठाया है। सुरक्षा कारणों से कंपनी ने दुबई, दोहा, रियाद और तेल अवीव समेत पूरे मिडिल ईस्ट की अपनी सभी उड़ानें तत्काल प्रभाव से रोक दी हैं। इसके अलावा तेल अवीव जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI139 को बीच रास्ते से ही भारत लौटना पड़ा। एयर इंडिया ने एडवाइजरी में स्पष्ट किया है कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ओमान के विदेश मंत्री बद्र अलबुसैदी ने मध्य पूर्व में बढ़ती हिंसा पर दुख जताया है। वे पिछले एक महीने से अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु मुद्दे पर बातचीत कराने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चल रही बातचीत इस हिंसा की वजह से फिर से कमजोर पड़ गई है। उनके अनुसार, यह हालात न तो अमेरिका के लिए अच्छे हैं और न ही दुनिया में शांति के लिए। उन्होंने कहा कि बेगुनाह लोगों को इसका नुकसान होगा। उन्होंने अमेरिका से कहा कि वह इस लड़ाई में और आगे न बढ़े, क्योंकि यह उसकी जंग नहीं है।