इजराइल ने हमास के चंगुल से चार बंधकों को छुड़ाया, गाजा में हमलों में 94 फलस्तीनी मारे गए

Ads

इजराइल ने हमास के चंगुल से चार बंधकों को छुड़ाया, गाजा में हमलों में 94 फलस्तीनी मारे गए

  •  
  • Publish Date - June 8, 2024 / 09:01 PM IST,
    Updated On - June 8, 2024 / 09:01 PM IST

यरूशलम, आठ जून (एपी) इजराइल ने शनिवार को कहा कि उसने हमास के चंगुल से चार बंधकों को छुड़ा लिया है जिनका फलस्तीनी चरमपंथी संगठन हमास ने सात अक्टूबर को किए गए हमले के दौरान अपहरण कर लिया था। इसके साथ ही मध्य गाजा में भीषण लड़ाई में बच्चों सहित कम से कम 94 फलस्तीनी मारे गए।

सेना ने कहा कि उसने नुसीरात में एक जटिल अभियान में नोआ अर्गामानी (25), अल्मोग मीर (21), एंड्री कोज़लोव (27) और श्लोमी जिव (40) को बचा लिया।

इसने कहा कि बंधकों को नुसीरात के मध्य में स्थित दो अलग-अलग स्थानों से बचाया गया।

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, मध्य गाजा में भारी लड़ाई हुई जहां बंधकों को बचाया गया तथा शनिवार को हुए कई हमलों में बच्चों सहित कम से कम 94 लोग मारे गए।

मध्य गाजा स्थित एक अस्पताल के अधिकारी खलील देगरान ने बताया कि गाजा में उस जगह पर भीषण लड़ाई जारी है, जहां से इजराइली सेना ने शनिवार सुबह चार बंधकों को रिहा कराया।

उन्होंने कहा कि डेर अल बलाह स्थित अल-अक्सा अस्पताल में लगभग 100 फलस्तीनियों के शव लाए गए और 100 से अधिक घायल भी लाए गए।

इजराइल का कहना है कि 130 से अधिक बंधक अभी भी बचे हैं जिनमें से लगभग एक चौथाई को मृत माना जा रहा है।

बंधकों की वापसी के मुद्दे पर इजराइल में लोगों में रोष गहराता जा रहा है।

युद्ध शुरू होने के बाद से अभियान के दौरान जीवित बचाए गए कुल बंधकों की संख्या सात हो गई है।

हमास ने सात अक्टूबर को दक्षिणी इजराइल पर अचानक हमला कर लगभग 1200 लोगों की हत्या कर दी थी और 250 लोगों का अपहरण कर लिया था। इसके बाद इजराइल-हमास के बीच युद्ध शुरू हो गया। नवंबर में एक सप्ताह के संघर्षविराम के दौरान बंधकों में से लगभग आधे लोगों को रिहा कर दिया गया था।

इजराइली सेना ने कहा कि जिन चार बंधकों को छुड़ाया गया उन्हें हेलीकॉप्टर से चिकित्सीय जांच के लिए ले जाया गया और वे 246 दिन तक अपहर्ताओं के चंगुल में रहने के बाद अपने प्रियजनों से मिल पाए।

एपी नेत्रपाल माधव

माधव