इजराइली पुलिस ने कचरे के ट्रक में छिपे करीब 70 फलस्तीनियों को पकड़ा

Ads

इजराइली पुलिस ने कचरे के ट्रक में छिपे करीब 70 फलस्तीनियों को पकड़ा

  •  
  • Publish Date - April 15, 2026 / 08:38 AM IST,
    Updated On - April 15, 2026 / 08:38 AM IST

यरुशलम, 15 अप्रैल (एपी) इजराइली पुलिस ने लगभग 70 फलस्तीनी पुरुषों को कचरा ढोने वाले एक ट्रक के अंदर छिपा हुआ पाया। ये लोग कथित तौर पर काम की तलाश में वेस्ट बैंक से इजराइल में घुसने की कोशिश कर रहे थे।

इजराइली पुलिस द्वारा जारी वीडियो में दिख रहा है कि सोमवार देर रात जब ट्रक का पिछला हिस्सा खोला गया तो उसमें कचरे वाले हिस्से में पुरुष ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे। वीडियो में पुलिसकर्मी ट्रक को घेरते हुए दिखायी दे रहे हैं, जिनमें से कुछ ने हथियार ताने हुए थे।

ट्रक के अंदर मौजूद कुछ लोगों ने बाहर निकाले जाने के दौरान हाथ ऊपर उठा लिए और उन्हें एक-एक कर बाहर निकाला गया। बीच-बीच में अरबी भाषा में एक आवाज सुनाई देती है- ‘‘एस्कोत’’, जिसका मतलब है ‘‘खामोश रहो’’।

इजराइल के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ये लोग ‘‘मध्य इजराइल में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे’’ और उन्हें वेस्ट बैंक की एक जांच चौकी पर रोका गया।

अधिकारियों ने घुसपैठ के प्रयास के मकसद पर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी, लेकिन स्थानीय पुलिस कमांडर इताल अल्मोग ने उन्हें ‘‘अवैध प्रवेशकर्ता’’ बताया। यह शब्द आमतौर पर उन फलस्तीनियों के लिए इस्तेमाल होता है जो काम की तलाश में इजराइल में दाखिल होते हैं।

अल्मोग ने बताया कि ये लोग इजराइल के विभिन्न शहरों की ओर जा रहे थे और उन्हें पूछताछ के लिए ले जाया गया है। ट्रक चालक, जो एक इजराइली नागरिक है, वैध लाइसेंस के बिना वाहन चला रहा था और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इजराइली पुलिस अक्सर कब्जे वाले वेस्ट बैंक से ‘‘अवैध प्रवेशकर्ताओं’’ के मामलों की जानकारी देती है, खासकर तब से जब सात अक्टूबर 2023 को हमास के हमले के बाद इजराइल ने हजारों फलस्तीनियों के काम करने के परमिट रद्द कर दिए थे।

एपी गोला शोभना

शोभना