जयशंकर ने अमेरिकी वित्त मंत्री बेसेंट से की मुलाकात, आर्थिक साझेदारी और रणनीतिक सहयोग पर चर्चा की

Ads

जयशंकर ने अमेरिकी वित्त मंत्री बेसेंट से की मुलाकात, आर्थिक साझेदारी और रणनीतिक सहयोग पर चर्चा की

  •  
  • Publish Date - February 4, 2026 / 08:24 AM IST,
    Updated On - February 4, 2026 / 08:24 AM IST

(योषिता सिंह)

न्यूयॉर्क/वाशिंगटन, चार फरवरी (भाषा) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट से मुलाकात की तथा द्विपक्षीय आर्थिक साझेदारी और रणनीतिक सहयोग आगे बढ़ाने पर चर्चा की।

जयशंकर ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट से मिलकर खुशी हुई। भारत-अमेरिका आर्थिक साझेदारी और रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर सार्थक चर्चा हुई।’’

वहीं बेसेंट ने एक पोस्ट में कहा कि उन्हें जयशंकर से मुलाकात करके अच्छा लगा। उन्होंने कहा, ‘‘इस बातचीत के दौरान हमने आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुरक्षित करने के महत्व के साथ-साथ आपसी हित के अन्य राष्ट्रीय और आर्थिक सुरक्षा मुद्दों पर भी चर्चा की।’’

जयशंकर दो से चार फरवरी तक अमेरिका की यात्रा पर हैं और बुधवार को विदेश मंत्री मार्को रुबियो की ओर से बुलाई गई महत्वपूर्ण खनिज मंत्रिस्तरीय बैठक में वह हिस्सा लेंगे।

जयशंकर ने विदेश मंत्रालय में रुबियो के साथ द्विपक्षीय चर्चा भी की जहां दोनों नेताओं ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच व्यापार समझौते पर बनी सहमति का ‘‘स्वागत’’ किया और महत्वपूर्ण खनिजों की खोज एवं खनन पर द्विपक्षीय सहयोग को ‘‘औपचारिक रूप देने’’ पर भी चर्चा की।

जयशंकर की बेसेंट और रुबियो के साथ बैठक ट्रंप द्वारा ‘ट्रुथ सोशल’ पर यह घोषणा करने के एक दिन बाद हुई कि भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए हैं जिसके तहत अमेरिका भारत पर लगाए गए जवाबी शुल्क को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा।

भाषा सुरभि शोभना

शोभना