वैश्विक शिक्षक पुरस्कार की प्रेरणास्त्रोत रहीं केरल की शिक्षिका मरिअम्मा वर्की का निधन

Ads

वैश्विक शिक्षक पुरस्कार की प्रेरणास्त्रोत रहीं केरल की शिक्षिका मरिअम्मा वर्की का निधन

  •  
  • Publish Date - April 2, 2021 / 03:02 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:16 PM IST

लंदन, दो अप्रैल (भाषा) शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिये जाने वाले ”वैश्विक शिक्षक पुरस्कार” की प्रेरणास्त्रोत रहीं केरल की शिक्षिका मरिअम्मा वर्की का निधन हो गया। वह 89 वर्ष की थीं।

उनके बेटे एवं संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उद्यमी सन्नी वर्की ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

शिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली मरिअम्मा वर्की ने अपने पति के एस वर्की के साथ मिलकर यूएई की शिक्षा प्रणाली में जबरदस्त बदलाव किए। वह 1959 में केरल से यूएई गई थीं।

उन्होंने अरब के स्थानीय बच्चों को अंग्रेजी की शिक्षा दी। दुबई के शाही परिवार के भी कई सदस्य उनके छात्र रहे।

वैश्विक शिक्षक पुरस्कार के संस्थापक सन्नी वर्की ने कहा, ” बेहद दुख के साथ मैं अपनी माता मरिअम्मा के निधन की सूचना दे रहा हूं। वह चल गई हैं लेकिन उनकी शांति एवं सहनशीलता की भावना सदैव मेरे भीतर जीवित रहेगी।”

वर्की फाउंडेशन द्वारा हर साल शिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षक को 10 लाख डॉलर का पुरस्कार दिया जाता है।

भाषा शफीक मनीषा

मनीषा