ओटावा, छह मार्च (भाषा) सिख चरमपंथी विचारों को बढ़ावा देने वाले एक सोशल मीडिया अकाउंट पर कनाडा के ओंटारियो प्रांत में भारतीय मूल की एक महिला की चाकू से गोद कर हत्या किये जाने की ज़िम्मेदारी ली गई है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
लसेल पुलिस सर्विस के अनुसार विंडसर की नैन्सी ग्रेवाल (45) की तीन मार्च को रात करीब 9:30 बजे एसेक्स काउंटी के लसेल शहर में चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई।
सीबीसी न्यूज़ ने बृहस्पतिवार देर रात बताया कि सोशल मीडिया पर एक अकाउंट है जिस पर पंजाबी में कहा गया है कि खालिस्तानी आंदोलन की आलोचना करने के कारण नैन्सी ग्रेवाल की हत्या कर दी गई।
सीबीसी स्वतंत्र रूप से इस अकाउंट या इस पर दी गयी जानकारी की पुष्टि नहीं करता है। सीबीसी की रिपोर्ट में कहा गया है कि पोस्ट में नैन्सी की तस्वीर साझा की गयी है और ‘कैप्शन’ में लिखा गया है, ‘‘यह महिला धर्म और खालिस्तान के बारे में बुरी बातें कह रही थी, और उसे इसका परिणाम मिल गया है।’’
खबर में सोशल मीडिया के हवाले से कहा गया है, ‘‘हमें किसी भी समुदाय या धर्म से कोई दुश्मनी नहीं है। अगर कोई हमारे समुदाय और खालिस्तान के खिलाफ इस तरह की कोई बात कहता है, तो उसका भी यही अंजाम होगा।’’
लसेल पुलिस ने एक बयान में कहा कि जांचकर्ता सभी सूचना पर विचार कर रहे हैं, लेकिन जांच की गोपनीयता बनाए रखने के लिए वे इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।
भाषा रंजन अविनाश
अविनाश