कोलंबो, 23 मई (भाषा) मालदीव में इस महीने की शुरुआत में एक गहरी समुद्री गुफा में गोताखोरी करते समय जान गंवाने वाले चार इतालवी गोताखोरों के शव शनिवार तड़के इटली भेजे गए। मालदीव सरकार के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि 14 मई को ‘वावु एटोल’ में लगभग 50 मीटर (160 फुट) गहरी गुफा की खोज करते समय इटली के पांच गोताखोर लापता हो गए थे।
पुलिस के मुताबिक, उस समय गुफा के बाहर उनके गोताखोरी प्रशिक्षक का शव बरामद कर लिया गया था और उसे वापस ले जाया गया था।
शवों को निकालने के लिए चलाए जा रहे जोखिम भरे अभियान में कई बाधाएं आईं और बचाव दल के सदस्य मोहम्मद महुदिया (मालदीव के नागरिक) नाम के सैन्य गोताखोर की मौत के बाद इसे शुरू में रोक दिया गया था।
फिनलैंड के तीन विशेषज्ञ गोताखोर इस अभियान में शामिल हुए और उन्होंने पिछले सप्ताह गुफा के सबसे भीतरी कक्ष में लगभग 60 मीटर (200 फुट) की गहराई पर चारों शवों का पता लगाया।
मालदीव में गोताखोरी की सीमा 30 मीटर (98 फुट) है।
मालदीव के राष्ट्रपति के प्रवक्ता मोहम्मद हुसैन शरीफ ने शनिवार को बताया कि दो मामलों की जांच शुरू की गई हैं।
उन्होंने बताया कि पहला मामला पांच गोताखोरों की मौत से जुड़ा है जबकि दूसरा मामला ड्यूटी के दौरान महुदीया की मौत से संबंधित है।
शरीफ ने यह भी बताया कि इटली शवों के पोस्टमार्टम होने पर जांच के नतीजे साझा करने के लिए सहमत हो गया है।
भाषा जितेंद्र धीरज
धीरज