ममदानी ने 9/11 के दौरान जान गंवाने वाले न्यूयॉर्क के अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि दी
ममदानी ने 9/11 के दौरान जान गंवाने वाले न्यूयॉर्क के अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि दी
(योशिता सिंह)
न्यूयॉर्क, 11 सितंबर (भाषा) न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने 11 सितंबर 2001 को अमेरिका में हुए आतंकवादी हमलों की 25वीं बरसी के मौके पर शुक्रवार को शहर के अग्निशमन विभाग के उन 300 से ज्यादा सदस्यों को श्रद्धांजलि देकर स्मृति कार्यक्रम की शुरुआत की, जिन्होंने जलते हुए ‘ट्विन टावर’ पर कार्रवाई करते हुए और अनगिनत लोगों की जान बचाते हुए अपने प्राण गंवा दिए थे।
ममदानी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट पोस्ट में कहा, ‘‘मुझे गर्व है कि मैंने आयुक्त बॉनसिग्नोर के साथ अग्निशमन कर्मी स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर इस स्मृति दिवस की शुरुआत की। एक सदी से भी ज्यादा समय से यह स्मारक उन नायकों को श्रद्धांजलि देता आ रहा है, जो हमें सुरक्षित रखने के लिए अपनी जान गंवा देते हैं। ’’
उन्होंने कहा कि 11 सितंबर 2001 को हुए उस भयानक आतंकवादी हमले के दौरान न्यूयॉर्क के अग्निशमन विभाग के 343 कर्मियों ने मदद की पुकार पर तुरंत कार्रवाई की।
ममदानी ने कहा कि वे वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की सीढ़ियां चढ़ते समय जानते थे कि आगे कितना बड़ा खतरा है, फिर भी उन्होंने एक पल के लिए भी हिचक नहीं दिखाई।
मेयर ने कहा कि अग्निशमन कर्मियों ने न्यूयॉर्क के लोगों की जान बचाने के लिए अपनों प्राणों की चिंता नहीं की।
उन्होंने कहा, ‘‘आज हम उनके साहस को याद करते हैं और उनकी स्मृति तथा उनके द्वारा छोड़ी गई महान विरासत का सम्मान करते हैं।’’
अमेरिका के लोग 9/11 के आतंकवादी हमलों की 25वीं बरसी मना रहे हैं और उन हज़ारों लोगों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं, जो अल-कायदा के आतंकवादियों द्वारा विमानों को अगवा करके वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के ट्विन टावर से टकरा दिए जाने के दौरान मारे गए थे।
बाद में यात्रियों ने अपहरणकर्ताओं से मुकाबला करके उन पर काबू पाया था। हमले के दौरान एक विमान पेंटागन से टकरा गया था और एक अन्य विमान पेन्सिलवेनिया के ग्रामीण इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
भाषा
राजकुमार पारुल
पारुल

Facebook


