पश्चिम एशिया संघर्ष: शरीफ ने घर से काम करने और चार दिवसीय कार्य सप्ताह की घोषणा की

Ads

पश्चिम एशिया संघर्ष: शरीफ ने घर से काम करने और चार दिवसीय कार्य सप्ताह की घोषणा की

  •  
  • Publish Date - March 10, 2026 / 01:04 AM IST,
    Updated On - March 10, 2026 / 01:04 AM IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, नौ मार्च (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान पर युद्ध के प्रभावों को कम करने के लिए सोमवार को कई उपायों की घोषणा की, जिसमें घर से काम करना और चार दिवसीय कार्य सप्ताह शामिल हैं।

शरीफ ने सरकारी पीटीवी और अन्य निजी चैनल के माध्यम से राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि वह देश के लोगों को ऐसे समय संबोधित कर रहे हैं जब पूरा क्षेत्र युद्ध के खतरे का सामना कर रहा है।

उन्होंने कहा कि युद्ध का प्रभाव सीमाओं से परे होता और अन्य देशों पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था खाड़ी से तेल आपूर्ति पर निर्भर है और तेल की कीमतों में वृद्धि के कारण देश को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

यह घटनाक्रम तब सामने आया है जब ईरान के साथ अमेरिका और इजराइल का युद्ध जारी है, जिससे आपूर्ति शृंखला बाधित हो रही है क्योंकि होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों का गुजरना प्रभावित है।

शरीफ ने विभिन्न उपायों की घोषणा की, जिन्हें सरकार ने पेट्रोलियम में किसी भी संभावित कमी से निपटने के लिए लागू करने का निर्णय लिया। उन्होंने ईरान द्वारा विभिन्न मुस्लिम देशों पर किए गए हमलों की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए अयातुल्ला अली खामेनेई की मृत्यु पर शोक भी व्यक्त किया।

भाषा तान्या अमित

अमित