काठमांडू, 28 मई (भाषा) नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश राष्ट्रीय हितों को बढ़ावा देते हुए विकास और आर्थिक समृद्धि हासिल करने के लिए अपने अंतरराष्ट्रीय संबंधों का उपयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री खनाल काठमांडू के बाहरी इलाके टोखा में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि लोगों को उनके पासपोर्ट जल्द से जल्द मिलें।
खनाल ने कहा, ‘‘नेपाल के अंतरराष्ट्रीय संबंध विभिन्न देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ इसकी राजनयिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक साझेदारी पर आधारित होंगे।’’
यह उल्लेख करते हुए कि नेपाल एक स्वतंत्र, गुटनिरपेक्ष और संतुलित विदेश नीति का अनुसरण कर रहा है, मंत्री ने कहा, ‘‘हम अपनी विदेश नीति को नेपाली संविधान, संयुक्त राष्ट्र चार्टर, पंचशील सिद्धांत और गुटनिरपेक्ष आंदोलन के मूल्यों के आधार पर आगे बढ़ाएंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी विदेश नीति का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय हितों की रक्षा को मजबूत करना, आर्थिक विकास को बढ़ावा देना और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का विस्तार करना है।’’
भाषा नेत्रपाल नरेश
नरेश