सिंगापुर के किसी भी प्रधानमंत्री ने सीपीआईबी को जांच करने से नहीं रोका: थर्मन

Ads

सिंगापुर के किसी भी प्रधानमंत्री ने सीपीआईबी को जांच करने से नहीं रोका: थर्मन

  •  
  • Publish Date - July 15, 2023 / 03:43 PM IST,
    Updated On - July 15, 2023 / 03:43 PM IST

(गुरदीप सिंह)

सिंगापुर, 15 जुलाई (भाषा) सिंगापुर के पूर्व मंत्री और राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार थर्मन शणमुगरत्नम ने शनिवार को कहा कि देश में कभी भी ऐसा कोई प्रधानमंत्री नहीं रहा जिसने भ्रष्ट आचरण जांच ब्यूरो (सीपीआईबी) को अपना काम करने से रोका हो।

उन्होंने लंबे समय से अपने सहयोगी और परिवहन मंत्री एस. ईश्वरन पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के बीच यह टिप्पणी की।

थर्मन ने कहा, “हमारे यहां कभी ऐसा प्रधानमंत्री नहीं रहा (जिसने) सीपीआईबी को अपना काम करने से रोका हो। यदि कभी ऐसा दिन आता है, तो राष्ट्रपति संज्ञान लेंगे…यह सिंगापुर की व्यवस्था है।’’

‘द स्ट्रेट्स टाइम्स अखबार’ ने थर्मन के हवाले से अपनी खबर में लिखा, उन्होंने कहा है कि सिंगापुर में अखंडता और भ्रष्टाचार को गंभीरता से लिया जाता है और सीपीआईबी को पूरी छूट दी गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ अन्य देशों को हो सकता है कि इससे फर्क न पड़ता हो, लेकिन सिंगापुर अलग है।”

अपने दोस्त ईश्वरन के बारे में, थर्मन ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि ईश्वरन स्थिति से निपट लेंगे।

उन्होंने कहा, “यह उसके जीवन या भविष्य का अंत नहीं है। जांच होने दीजिए और हमें इस मामले पर किसी निर्णय तक नहीं पहुंचना चाहिए। सिस्टम काम करता है और इसे काम करना ही चाहिए।”

भाषा जोहेब धीरज

धीरज