(एम.जुल्करनैन)
लाहौर/कराची, 19 मार्च (भाषा) वेश्यावृत्ति के लिए 33 महिलाओं को दुबई ले जाने के प्रयास से संबंधित मामले में पाकिस्तान के सिंध प्रांत के कराची शहर में एक महिला समेत कम से कम चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पाकिस्तान की संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एजेंसी ने कहा कि यह गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर सदर क्षेत्र के एक होटल में छापेमारी के बाद की गई।
एजेंसी के अनुसार ‘यौन तस्करी गिरोह’ में शामिल लोगों ने वेश्यावृत्ति के लिए 33 महिलाओं को ‘विजिट वीजा’ पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ले जाने की व्यवस्था की थी।
एफएआई ने बताया कि उसने 33 महिलाओं के पासपोर्ट भी जब्त कर लिए हैं।
एजेंसी ने कहा, “एफआईए ने नेटवर्क के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार करने के लिए भी छापेमारी शुरू कर दी है।”
इस बीच, एफआईए ओमान में ‘यौन तस्करी’ की शिकार पंजाब के टोबा टेक सिंह इलाके की एक युवती को स्वदेश वापस ले आई है।
एफआईए ने संदिग्धों के खिलाफ मानव तस्करी निवारण अधिनियम 2018 के तहत मामला दर्ज किया है।
तस्करी नेटवर्क अक्सर वैध रोजगार के झूठे वादे करके पाकिस्तानी महिलाओं को दुबई ले जाकर जबरन वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर करते हैं।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश