मिसाइल हमलों और हवाई नाकाबंदी के कारण भय में बीता यूएई निवासियों का दिन

Ads

मिसाइल हमलों और हवाई नाकाबंदी के कारण भय में बीता यूएई निवासियों का दिन

  •  
  • Publish Date - February 28, 2026 / 08:55 PM IST,
    Updated On - February 28, 2026 / 08:55 PM IST

दुबई, 28 फरवरी (भाषा) दुबई निवासी माया तनेजा शनिवार को तेज धमाकों की आवाज सुनकर घबरा गईं और उन्होंने हड़बड़ाहट में अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को फोन करना शुरू कर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘लोगों का हालचाल जानने के दौरान मुझे बहरीन में रहने वाले मेरे एक रिश्तेदार का फोन आया। उन्होंने भी अपने आसपास धमाकों की आवाज सुनी। ऐसा लगता है कि पूरा क्षेत्र हमलों की चपेट में है।’’

तनेजा अकेली नहीं हैं जिनका दिन डर के साये में बीता। शनिवार को ईरान पर इजराइल-अमेरिका के संयुक्त हमले के बाद पूरे खाड़ी क्षेत्र ने एक ऐसे भयावह समय का सामना किया, जिसकी आशंका वे महीनों से जता रहे थे लेकिन इसका उन्होंने कभी अनुभव नहीं किया था।

जैसे ही ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), बहरीन और कतर में एक साथ मिसाइलें दागीं, नागरिक घरों के अंदर ही रहे और उनमें भय का माहौल दिखा।

अबू धाबी में रहने वाली भारतीय एआई सलाहकार निदा सैयद के लिए आज की सुबह काफी डरावनी रही, जब जेट विमान उनके इलाके के बहुत करीब से गुजरे।

निदा ने बताया, ‘‘हमें सचमुच इमारत के भूमिगत तल में भागना पड़ा और लगभग एक घंटे तक इंतजार करने के बाद ही हम वापस लौटे।’’

हमलों की खबरों के बाद सायरन की तेज आवाजें सुनाई दीं। सोशल मीडिया पर लोग इस स्थिति के वीडियो और तस्वीरें साझा कर रहे हैं।

शारजाह में रहने वाले बीमा पेशेवर शाजी ने अस्थिर स्थिति के बीच विश्वसनीय जानकारी की कमी पर दुख व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, ‘‘इतनी सारी फर्जी खबरें और पुराने वीडियो सच बताकर फैलाए जा रहे हैं, जिससे भ्रम बढ़ता है। सभी को आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करना चाहिए और बिना पुष्टि वाली जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।’’

भाषा शफीक माधव

माधव