पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शरीफ स्विट्ज़रलैंड में बातचीत से इतर अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस से मिले

Ads

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शरीफ स्विट्ज़रलैंड में बातचीत से इतर अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस से मिले

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 06:07 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 06:07 PM IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद/ज्यूरिख, 21 जून (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने रविवार को स्विट्जरलैंड में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से मुलाकात की। उनके कार्यालय ने बताया कि यह मुलाकात पश्चिमी एशिया में शांति बहाल करने के मकसद से हो रही तकनीकी स्तर की बातचीत के दौरान हुई।

शरीफ दिन में पहले स्विट्जरलैंड पहुंचे, उनके साथ सेना प्रमुख आसिम मुनीर और एक प्रतिनिधिमंडल भी था।

ईरान और कतर के वरिष्ठ अधिकारी भी बर्गेनस्टॉक अल्पाइन पर्वतीय क्षेत्र पहुंच गए हैं, जहां बातचीत हो रही है।

शरीफ के कार्यालय ने रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “21 जून 2026 को स्विट्जरलैंड के बर्गेनस्टॉक में इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन के बाद हो रही अमेरिका-ईरान तकनीकी स्तर की बातचीत के दौरान, प्रधानमंत्री मुहम्मद शहबाज शरीफ की अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ मुलाक़ात।”

उन्होंने एक वीडियो क्लिप भी साझा की, जिसमें शरीफ और मुनीर को वेंस, दूत स्टीव विटकॉफ और सलाहकार जेरेड कुशनर से हाथ मिलाते हुए देखा जा सकता है।

इस बैठक से पहले एक साक्षात्कार में, वेंस ने पाकिस्तान टीवी से कहा कि वह अमेरिका-ईरान बातचीत में इस्लामाबाद की भूमिका को मानते हैं।

इस बीच, पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी, जो शनिवार को बिना किसी पूर्व सूचना के ईरान पहुंचे थे, तेहरान में राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान से मिले।

ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर गालिबाफ के नेतृत्व में एक ईरानी प्रतिनिधिमंडल पहले से ही स्विट्जरलैंड में है।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ के अनुसार, जल्द ही शुरू होने वाली इस बातचीत में कतर के मध्यस्थ भी शामिल होंगे। वहां कई वरिष्ठ स्विस अधिकारी भी मौजूद हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने पिछले हफ़्ते एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए, जिससे पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने के लिए 60 दिन की बातचीत की प्रक्रिया शुरू हुई।

भाषा प्रशांत नेत्रपाल

नेत्रपाल