इस्लामाबाद/ज्यूरिख, 21 जून (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने रविवार को स्विट्जरलैंड में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर गालिबाफ और दोनों पक्षों के अन्य वरिष्ठ वार्ताकारों से मुलाकात की। यह मुलाकात पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने के मकसद से हो रही तकनीकी-स्तर की बातचीत के दौरान हुई।
शरीफ दिन में स्विट्जरलैंड पहुंचे, उनके साथ सेना प्रमुख आसिम मुनीर और एक प्रतिनिधिमंडल भी था।
उन्होंने सबसे पहले वेंस और अमेरिकी वार्ताकारों स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर से मुलाक़ात की।
वेंस दिन में पहले स्विट्ज़रलैंड पहुंचे, जबकि विटकॉफ और कुशनर पहले से ही वहां मौजूद थे।
शरीफ ने मुनीर के साथ बाद में गालिबाफ और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से अलग-अलग मुलाकात की। उनके कार्यालय ने एक बयान में कहा कि यह “स्विट्जरलैंड के बर्गेनस्टॉक में इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन की अगली कड़ी” थी।
शरीफ कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें उन्हें और मुनीर को ईरान के दो शीर्ष नेताओं से हाथ मिलाते हुए देखा जा सकता है।
इस बीच, पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी, जो शनिवार को बिना किसी पूर्व सूचना के ईरान पहुंचे थे, तेहरान में राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान से मिले।
दूसरी ओर, पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री ने शांति वार्ता में हुई प्रगति की समीक्षा करने के लिए काहिरा में मिस्र, तुर्किये और सऊदी अरब के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने पिछले हफ़्ते एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए, जिससे पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने के लिए 60 दिन की बातचीत की प्रक्रिया शुरू हुई।
समझौता ज्ञापन के तहत बातचीत के तकनीकी पहलू शुक्रवार को शुरू होने वाले थे, लेकिन इनमें देरी हो गई। देरी की मुख्य वजह इजराइल और ईरान समर्थित हिज़्बुल्ला के बीच गोलीबारी का नया दौर था।
रविवार को स्विट्ज़रलैंड के पहाड़ी रिज़ॉर्ट बर्गेनस्टॉक में अमेरिका और ईरान के वरिष्ठ अधिकारियों तथा मध्यस्थों – पाकिस्तान और कतर – के बीच बातचीत शुरू हुई।
भाषा
प्रशांत अविनाश
अविनाश