(योषिता सिंह)
न्यूयॉर्क, आठ जुलाई (भाषा) न्यूयॉर्क के मिडटाउन मैनहट्टन में एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत को असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद एहतियातन संयुक्त राष्ट्र (यूएन) में भारत के स्थायी मिशन के भवन समेत आसपास के कई परिसरों को खाली करा लिया गया।
संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय से कुछ दूरी पर स्थित भारतीय मिशन के भवन में कार्यालयों के अलावा भारतीय राजनयिकों और अन्य अधिकारियों के आवास भी हैं।
सूत्रों ने बताया कि निकासी के आदेश के बाद सभी भारतीय राजनयिक और उनके परिवार सुरक्षित हैं तथा आवश्यक एहतियाती उपायों का पालन कर रहे हैं।
न्यूयॉर्क स्थित भारतीय स्थायी मिशन 1993 में निर्मित 27 मंजिला इमारत में संचालित होता है जिसका डिजाइन भारतीय वास्तुकार चार्ल्स कोरिया ने तैयार किया था। यह सेकेंड एवेन्यू के पास 43वीं और 44वीं स्ट्रीट के बीच स्थित है।
न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने स्थिति को ‘‘बेहद गंभीर’’ बताते हुए कहा कि अब तक इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है और सभी श्रमिक सुरक्षित हैं।
ममदानी ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे (स्थानीय समयानुसार) न्यूयॉर्क अग्निशमन विभाग को मैनहट्टन की 42वीं स्ट्रीट पर सेकेंड और थर्ड एवेन्यू के बीच स्थित निर्माणाधीन इमारत में संरचनात्मक गड़बड़ी की सूचना मिली थी।
इस बहुमंजिला इमारत के ठीक सामने भारतीय मिशन का भवन है। इस क्षेत्र में कई अन्य देशों के संयुक्त राष्ट्र मिशन, संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों के कार्यालय, प्रमुख होटल, रेस्तरां, आवासीय इमारतें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी हैं।
यह 37 मंजिला इमारत पहले दवा कंपनी फाइजर का मुख्यालय थी। फिलहाल इसे व्यावसायिक कार्यालय भवन से आवासीय इमारत में बदला जा रहा है।
ममदानी ने बताया कि सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और भवन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गईं। जांच के दौरान इमारत की 21वीं मंजिल पर गंभीर संरचनात्मक खामियां मिलीं।
उन्होंने बताया कि इमारत के दो ‘लोड-बेयरिंग’ खंभे मुड़ गए हैं। इसके अलावा कई जगह दरारें पड़ गई हैं और कुछ मंजिलें नीचे की ओर झुक गई हैं।
ममदानी ने कहा, ‘‘इमारत अब भी अस्थिर बनी हुई है।’’
न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने फर्स्ट और थर्ड एवेन्यू के बीच 40वीं से 45वीं स्ट्रीट तक के इलाके को ‘‘प्रतिबंधित क्षेत्र’’ घोषित कर दिया है। इस क्षेत्र में फिलहाल पैदल आने जाने वालों और वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
भाषा
खारी वैभव
वैभव